ग्रेटर नोएडा में हर्ष फायरिंग में बच्चे को लगी गोली, बच्चा हुआ घायल,  दो आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी पिस्टल और अवैध तमंचा बरामद 

ग्रेटर नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता )  :

 थाना जारचा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हर्ष फायरिंग की एक घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक बच्चा घायल हो गया था। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी पिस्टल और एक अवैध तमंचा बरामद किया है।

दरअसल मामला 30 नवंबर की रात का है जहां पर थाना जारचा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला चमरू में एक शादी की बारात चढ़त के दौरान हर्ष फायरिंग हुई। दुर्भाग्यवश, इस फायरिंग में एक बच्चे को गोली लग गई। जिसके बाद वहा पर अफरा तफरी मच गई । सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

वही पुलिस ने पीड़ित द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया और त्वरित जांच और कार्रवाई के बाद दो आरोपी गिरफ्तार कर लिए। जिनकी पहचान अभिषेक पुत्र बिजेन्द्र गुर्जर कसाना और ईशू कसाना पुत्र अशोक के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी गाजियाबाद के थाना टीला मोड अंतर्गत ग्राम जावली के निवासी हैं।

वही पुलिस ने आरोपी अभिषेक के कब्जे से वह लाइसेंसी पिस्टल बरामद की, जिसका इस्तेमाल फायरिंग में किया गया था। और आरोपी ईशू कसाना के पास से एक अवैध तमंचा और .315 बोर का एक कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस जांच में यह सामने आया कि घटना में प्रयुक्त पिस्टल निक्की पुत्र अमर सिंह द्वारा शादी में लाई गई थी, जिसका लाइसेंस निक्की के पिता के नाम पर है। निक्की ने ही फायरिंग करने के लिए यह पिस्टल अभिषेक को दी थी। अभिषेक द्वारा की गई फायरिंग में ही बच्चे को गोली लगी।
इस घटना का मुख्य आरोपी निक्की अभी भी फरार है, और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी अभिषेक का आपराधिक इतिहास भी है, जिसके खिलाफ गाजियाबाद के थाना टीला मोड में पूर्व में भी मारपीट और जानलेवा हमले सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
 

Others Related News