NTPC के चुनावों में राजस्थान के राजेंद्र जाट बने महासचिव 

नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ) ।

 राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (NTPC) नोएडा में हुए NTPC EXECUTIVE ASSOCIATION (NEFI) चुनावों में राजेंद्र जाट ने महासचिव पद पर विजय हासिल कर एक नया इतिहास रचा है,  कुमार देवाशीष (NTPC  सीपत ) को चेयरमैन चुना गया। NTPC के नोएडा मुख्यालय में आयोजित चुनावों में कुल 50 कर्मचारी एसोसिएशनों तथा लगभग 15,000 कर्मचारियों ने उन्हें व्यापक समर्थन प्रदान किया। राजस्थान के निवासी राजेंद्र जाट वर्तमान में NTPC के कॉर्पोरेट ऑफिस नॉएडा में कार्यरत हैं उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्री गोकुल स्वाइन (NTPC लारा) को भारी मतों से हराया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ उनका स्वागत कर विजय का जश्न मनाया।

चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने मतदान कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई। इस बार रिकॉर्ड मत प्रतिशत देखने को मिला, जो कर्मचारियों की संगठनात्मक गतिविधियों के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। चुनाव में महासचिव पद की दौड़ काफी रोमांचक रही, परंतु अंत में विश्वास, अनुभव और श्रमिक हितों में निरंतर सक्रियता को देखते हुए राजेंद्र जाट ने बढ़त बनाई और निर्णायक जीत हासिल की। विजय के बाद संबोधित करते हुए राजेंद्र जाट ने सभी कर्मचारियों और एसोसिएशनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि कर्मचारियों के अधिकारों और विकास से जुड़ी उम्मीदों की जीत है। उन्होंने आगे कहा, “मैं कर्मचारी हितों की रक्षा, कार्यस्थल वातावरण सुधारने तथा सुविधाओं में विस्तार को प्राथमिकता दूंगा। हम सब मिलकर एक बेहतर और सुरक्षित कार्यसंस्कृति का निर्माण करेंगे।”

राजेंद्र जाट ने भविष्य की अपनी कार्ययोजना भी साझा की। उन्होंने वेतन विसंगतियों के समाधान, पदोन्नति नीति में सुधार, आवास व मेडिकल सुविधाओं के विस्तार, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों को मजबूत बनाने तथा कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना जैसे कई मुद्दों पर काम करने की बात कही। साथ ही, उन्हें भरोसा है कि कर्मचारियों का सहयोग मिलते ही इन योजनाओं को जल्द ही क्रियान्वित किया जाएगा। चुनाव परिणाम के बाद NTPC नोएडा प्रशासन व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उन्हें बधाई दी। सूत्रों के अनुसार, कर्मचारी संगठनों का मानना है कि नई नेतृत्व टीम से संवाद और पारदर्शिता में और सुधार होगा। विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों ने भी उम्मीद जताई कि नए महासचिव संगठन और प्रशासन के बीच मजबूत सेतु बनकर कार्य करेंगे।  ऐसे में यहाँ के चुनाव केवल आंतरिक बदलाव नहीं, बल्कि व्यापक कर्मचारी नीति व कार्यसंस्कृति पर प्रभाव डालने वाले माने जाते हैं। राजेंद्र जाट की जीत से कर्मचारियों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला है।

NTPC का देश की ऊर्जा उत्पादन क्षमता में 25% योगदान है और नोएडा यूनिट इसकी महत्वपूर्ण इकाइयों में से एक है। NTPC (नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन) भारत की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की विद्युत उत्पादन कंपनी है, जिसकी स्थापना 7 नवंबर 1975 को हुई। यह कोयला, गैस, सौर और पवन ऊर्जा सहित विभिन्न स्रोतों से बिजली उत्पादन करती है। कंपनी उच्च क्षमता, तकनीकी उत्कृष्टता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है। वर्तमान में NTPC देशभर में कई पावर प्रोजेक्ट संचालित करती है और भारत की ऊर्जा सुरक्षा में एक मजबूत स्तंभ मानी जाती है।

Others Related News