पार्किंग विवाद में युवक को कार से कुचला, दो आरोपी गिरफ्तार
- Jun-17-2025
नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता )
नोएडा के सेक्टर-126 थाना पुलिस ने एक चौंकाने वाले मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पार्किंग विवाद में एक युवक को अपनी कार से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। यह घटना बीती रात सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में हुई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात को विपिन भाटी और मोनू भाटी नामक व्यक्तियों का बलविंदर सिंह पुत्र पूरन सिंह के साथ पार्किंग को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि विपिन और मोनू ने अपनी ग्लैंजा कार को तेज गति से चलाकर बलविंदर सिंह के भाई को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर थाना सेक्टर-126 नोएडा में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-126 पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मात्र 12 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने दोनों नामजद आरोपी विपिन भाटी और मोनू भाटी को पुश्ता रोड सेक्टर-94, नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ग्लैंजा कार को भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विपिन भाटी उर्फ अंशू पुत्र एम.के. भाटी, निवासी ग्राम मसौता, थाना सिकंदराबाद, जिला बुलंदशहर और मोनू भाटी पुत्र स्वर्गीय रामदीन सिंह भाटी, निवासी ग्राम मुरादगढ़ी, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।