पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में "मिशन शक्ति 5.0" के तहत महिला सुरक्षा पर विशेष कॉन्फ्रेंस आयोजित
- Oct-13-2025
नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ) ।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने शासन द्वारा चलाए जा रहे "मिशन शक्ति अभियान-5.0" को आगे बढ़ाते हुए महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा पर एक महत्वपूर्ण जनपद स्तरीय विशेष कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 नोएडा स्थित ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथ विमला बाथम (पूर्व अध्यक्षा, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग) थीं। उनके साथ अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) श्री अजय कुमार, श्रम आयुक्त, प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती मनीषा सिंह, एडीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती पूनम मिश्रा, तथा सहायक पुलिस आयुक्त (महिला सुरक्षा) श्रीमती प्रशाली गंगवार भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने कॉन्फ्रेंस का सफल संचालन किया।
इस विशेष कॉन्फ्रेंस में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर क्षेत्र के शिक्षा, चिकित्सा और स्वयंसेवी संस्थानों से जुड़ी प्रतिष्ठित महिलाओं, विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधियों, नागरिकों और महिला पुलिस कर्मियों ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने महिलाओं की उन्नति, आत्मनिर्भरता और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु सरकार की विभिन्न योजनाओं और पुलिस के प्रयासों की जानकारी साझा की। उपस्थित जनसाधारण, एनजीओ प्रतिनिधियों और महिला पुलिस कर्मियों ने भी सक्रियता से भाग लेते हुए अपने अनुभव और सुझाव रखे, जिससे यह कार्यक्रम अत्यधिक प्रभावशाली और सामूहिक रूप से जागरूक बनाने वाला बन गया।
कॉन्फ्रेंस में एक बालिका द्वारा नारी शक्ति, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश देती एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसे सभी ने सराहा और बालिका को सम्मानित किया गया।