श्रीलंका में स्थानीय चुनाव के लिए वोटिंग शुरू, एनपीपी की प्रतिष्ठा दांव पर

श्रीलंका में आज स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसमें लगभग 1.7 करोड़ मतदाता नगर प्रशासन का चयन करेंगे। यह चुनाव राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके की अगुवाई वाली सत्ताधारी पार्टी नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) की लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

चुनाव अधिकारियों के अनुसार, देशभर में 13,759 मतदान केंद्रों पर 339 स्थानीय संस्थाओं के लिए 8,287 प्रतिनिधियों का चुनाव किया जा रहा है। इस चुनाव में 49 राजनीतिक दलों और 257 स्वतंत्र समूहों से जुड़े कुल 75,000 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं। निर्वाचित प्रतिनिधियों का कार्यकाल चार वर्षों का होगा।

श्रीलंका में पिछली बार स्थानीय चुनाव 2018 में हुए थे। 2022 में आर्थिक संकट और राजनीतिक अस्थिरता के कारण ये चुनाव स्थगित कर दिए गए थे। 2023 में दो बार नई तारीखों की घोषणा के बावजूद, सरकार ने आर्थिक समस्याओं का हवाला देकर फिर से चुनाव टाल दिए। इस फैसले को अदालत में चुनौती दी गई, जिसके बाद न्यायालय ने जल्द चुनाव कराने का निर्देश दिया।

Others Related News