पंचायत चुनाव और 2027 के चुनावो की तैयारी में जुटी भाजपा, ग्रेटर नोएडा में भाजपा ने की क्षेत्रीय बैठक

ग्रेटर नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ) ।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने आज ग्रेटर नोएडा में आयोजित भाजपा पश्चिम क्षेत्र की बैठक में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। रेड कारपेट होटल में आयोजित इस बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का भाव पहुंचाना है।
बैठक की शुरुआत में गलगोटिया कॉलेज मेट्रो स्टेशन पर जिला और मंडल इकाई के कार्यकर्ताओं ने धर्मपाल सिंह का भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में उन्होंने जोर देकर कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर उनके कार्यों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और पार्टी को मजबूत बनाने का काम करें।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय किया जाएगा। इसके साथ ही जनसंपर्क अभियानों को गांव-गांव तक पहुंचाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर नागरिक तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पश्चिम क्षेत्र के 19 जिलों के प्रभारी, अध्यक्ष, और क्षेत्रीय पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इनमें बुलंदशहर, गाजियाबाद महानगर, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, नोएडा महानगर, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, बिजनौर और अन्य जिलों के पदाधिकारी शामिल थे। बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार करना था।
इस अवसर पर पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशोदिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, प्रदेश उपाध्यक्ष कांता कर्दम, प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन सिंह, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 

Others Related News