मिशन शक्ति फेज़-5 के तहत गौतमबुद्धनगर में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर विशेष ज़ोर
- Nov-06-2025
नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ) ।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा मिशन शक्ति अभियान-5.0 के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और जागरूकता से संबंधित गहन कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार और प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा मनीषा सिंह के पर्यवेक्षण में, मिशन शक्ति टीम ने स्थानीय छात्राओं, महिलाओं, और स्टाफ को जागरूक करने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
अभियान के तहत, मिशन शक्ति टीम ने कई स्कूलों और कंपनियों का दौरा किया, जहाँ उन्होंने न केवल महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी, बल्कि साइबर सुरक्षा के महत्व पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया। छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को थाने की कार्यप्रणाली, पुलिस हेल्पलाइन नंबर्स, साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय, और महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनों के बारे में विस्तार से बताया गया।
साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी देते हुए, टीम ने डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया के सही उपयोग के बारे में मार्गदर्शन दिया। लोगों को अपनी निजी जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचने की सलाह दी गई ताकि वे ऑनलाइन खतरों से सुरक्षित रह सकें। कर्मचारियों को पासवर्ड सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी (फिशिंग) से बचाव के तरीके, और सुरक्षित इंटरनेट एवं डिजिटल व्यवहार के बारे में भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों द्वारा गुड टच, बैड टच और घरेलू हिंसा जैसे संवेदनशील विषयों पर सकारात्मक चर्चा की गई, और यह समझाया गया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। थानों पर गठित मिशन शक्ति केंद्र के उद्देश्य और कार्यप्रणाली की जानकारी भी महिला कर्मियों को दी गई।
मिशन शक्ति अभियान-5.0 के तहत, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के समस्त थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन महिला बीट पुलिस अधिकारियों द्वारा गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर लगातार भ्रमण किया जा रहा है।