प्रेमिका की हत्या का आरोपी गिरफ्तार: अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद

नोएडा ( जीएन न्यूज, संवाददाता ) :

थाना फेस 2 पुलिस ने एक हत्या के मामले में वांछित आरोपी कृष्ण कुमार पुत्र राज किशोर पाण्डेय (23 वर्ष, निवासी भोजपुर, बिहार) को बिहार पुलिस की सहायता से 05 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर नोएडा लाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पूछताछ में आरोपी कृष्ण कुमार ने मृतका की हत्या करना स्वीकार किया। घटना का कारण प्रेम संबंध और शादी का प्रस्ताव ठुकराया जाना था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी और मृतका लगभग तीन साल पहले सेक्टर 137, नोएडा में एक ही फ्लैट में काम करते थे, जहां उनकी दोस्ती हुई थी। अभियुक्त ऑफिशियल काम देखता था और मृतका खाना बनाती थी।
आरोपी मृतका से शादी करना चाहता था, लेकिन उसने मना कर दिया था।
अभियुक्त अगस्त 2025 में चोरी के आरोप में थाना सेक्टर 142 से जेल गया था। जेल से छूटने के बाद जब मृतका ने उससे बात करने से साफ मना कर दिया, तो क्रोधित अभियुक्त ने यह कदम उठाया।

पुलिस ने बताया कि घटना वाले दिन आरोपी कृष्ण कुमार ग्राम याकूबपुर स्थित मृतका के किराए के आवास पर पहुंचा और अवैध पिस्टल से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने मृतका की बहनों पर भी जानलेवा हमला करने का प्रयास किया, लेकिन पिस्टल में गोली फंस जाने के कारण वह असफल रहा और मौके से भाग गया।
फरार होने के बाद अभियुक्त गुजरात गया और फिर अपने गृह जनपद भोजपुर, बिहार भाग गया था
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 01 पिस्टल .32 बोर, 02 जिंदा कारतूस और 02 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इनमें से एक खोखा कारतूस पिस्टल की नाल में फंसा हुआ मिला है।

Others Related News